मोंठ में विद्यालय जाने की आशंका से क्षेत्रवासियों में थी नाराजगी
गरौठा झांसी
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय की स्थापना को लेकर गरौठा क्षेत्र में चल रही उहापोह के बीच ग्राम पंचायत वीरपुरा में विद्यालय निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है। गरौठा विधानसभा क्षेत्र के विधायक जवाहरलाल राजपूत ने स्वयं मौके पर पहुंचकर राजस्व कर्मचारियों की मौजूदगी में भूमि का निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि पूर्व में विद्यालय निर्माण के लिए लखेरी नदी के पार भूमि का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन वहां निर्माण की लागत अधिक आने का हवाला देते हुए मोंठ क्षेत्र में भूमि चिन्हित कर दी गई थी। इस फैसले के बाद गरौठा क्षेत्र के लोगों में कई तरह के सवाल उठने लगे थे। लोगों को आशंका थी कि कहीं क्षेत्र के हिस्से में आने वाला शिक्षा का यह महत्वपूर्ण संस्थान भी मोंठ तहसील की ओर न चला जाए।
इसी क्रम में विधायक जवाहरलाल राजपूत ने वीरपुरा पहुंचकर गरौठा के राजस्व कर्मचारियों को मौके पर बुलाया। यहां भूमि संख्या 301, रकबा 3.505 हेक्टेयर तथा भूमि संख्या 299, रकबा 1.430 हेक्टेयर का निरीक्षण किया गया। इन दोनों भूखंडों को मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए चिन्हित किया गया है।
हालांकि भूमि चिन्हित होने के बाद भी गरौठा क्षेत्र की जनता के मन में संशय बना हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गरौठा तहसील लंबे समय से विकास की दौड़ में पिछड़ती नजर आ रही है। क्षेत्र में जनप्रतिनिधित्व और विकास कार्यों को लेकर उठते सवालों के बीच अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण वास्तव में गरौठा क्षेत्र के लिए ही आया है और हम भरपूर प्रयास करेंगे की विद्यालय का निर्माण गरौठा क्षेत्र में ही होगा।


