*रिपोर्ट मानवेंद्र सिंह गुर्जर ध्रुव जी*
समथर (झांसी) सावन माह के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए नगर के शिवभक्तों द्वारा निकाली गई कांवड़ यात्रा मंगलवार को समथर पहुंची। कांवड़ियों के नगर में प्रवेश करते ही वातावरण भक्तिमय हो गया। ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से नगर के प्रमुख मार्ग गूंज उठे। डीजे पर बज रहे शिव भजनों पर कांवड़िए भाव-विभोर होकर नृत्य करते हुए आगे बढ़े। नगरवासियों ने जगह-जगह कांवड़ियों का स्वागत किया और यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाया।
कांवड़ यात्रा के लिए सोमवार को नगर के खरखरी बाग स्थित प्राचीन चतुर्भुज मंदिर परिसर में कांवड़ियों का सम्मान किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह कंसाना, पूर्व पार्षद मनोज कुमार गुप्ता एवं समाजसेवी आत्माराम पांडे ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का स्वागत एवं सम्मान किया। इसके बाद कांवड़िए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए सनकसनकादि सन कुआं, सेवड़ा, मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुए।
मंगलवार को पवित्र जल लेकर लौटे कांवड़ियों का नगरवासियों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। कांवड़ यात्रा सबसे पहले समथर-पीपरी मार्ग पर स्थित प्राचीन मठ वाले शिव मंदिर पहुंची। यहां मंदिर के महंत लालजी दास महाराज ने विधि-विधान से कांवड़ियों से भगवान भोलेनाथ का पवित्र जल से अभिषेक कराया। मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से नगर एवं क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इसके बाद कांवड़ यात्रा काली माता मंदिर पहुंची, जहां कांवड़ियों ने पंचमुखी महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का पवित्र जल से जलाभिषेक किया। इसके बाद कांवड़ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ी। यात्रा पीपरी बस स्टैंड, महाराजा राधाचरण सिंह चौराहा और अग्गा बाजार से होती हुई खरखरी बाग स्थित प्राचीन चतुर्भुज मंदिर पहुंची।
*कन्याओं के पांव पखारकर किया पूजन*
खरखरी बाग स्थित प्राचीन चतुर्भुज मंदिर परिसर में पहुंचने पर नगरपालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह कंसाना, पूर्व पार्षद मनोज कुमार गुप्ता एवं समाजसेवी आत्माराम पांडे ने कांवड़ यात्रा में शामिल मां भगवती स्वरूप कन्याओं के पांव पखारकर तिलक लगाया और विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद कांवड़ियों का भी तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।
स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। नगरवासियों ने कांवड़ियों के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए उनका अभिनंदन किया। कांवड़ियों ने भी भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए अपनी यात्रा पूरी की।
*चतुर्भुज मंदिर में किया जलाभिषेक*
स्वागत एवं पूजन के बाद सभी कांवड़ियों ने नगरपालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह कंसाना के साथ मंदिर में विराजमान भगवान चतुर्भुज एवं भगवान भोलेनाथ का पवित्र जल से अभिषेक किया। इसके बाद कांवड़ियों ने नगर के विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर अपने साथ लाए पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने आराध्य देवताओं के मंदिरों में भी पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
*शिव भजनों पर झूमते नजर आए कांवड़िए*
कांवड़ यात्रा के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह शिवमय दिखाई दिया। डीजे पर बज रहे शिव भजनों और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के बीच कांवड़िए उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए चल रहे थे। यात्रा को देखने के लिए नगर के विभिन्न मार्गों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। महिलाओं, बच्चों और युवाओं में भी कांवड़ यात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
कांवड़ियों की धार्मिक आस्था और उत्साह के कारण नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं को खीर का महाप्रसाद वितरित किया गया। लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
*बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद*
इस अवसर पर आत्माराम पांडे, पूर्व पार्षद पवन बुलकिया, सूरज राना, मुकेश दीक्षित, कृष्ण कुमार बुधौलिया, रमाकांत तिवारी, संजय व्यास, पार्षद चंद्रपाल सिंह गुर्जर, असेंद्र सिंह कंसाना, चिन्ना गुट्टी पाल,शेखर दीक्षित, रामराजा तिगनाथ,बॉबी दीक्षित, महंत ज्ञान सिंह कुशवाहा, बोस पाल, चंद्रकांत तिवारी, निखिल गुप्ता, नीरज गुप्ता, सुपेंद्र गुप्ता, सोनू गोस्वामी, भागवत सेन, राघव श्रोत्रिय, दीपक, लखन, रवि, विवेक, प्रिंस, सुनील, राहुल, चंदन, बंटी, नरेंद्र, हरिमोहन, वीरेंद्र, कृष्णा, सुलभ, शशिकांत, सागर राजपूत, कुणाल व्यास, सुदामा, विवेक रायकबार, मनोज दीक्षित, आयुष गुप्ता, लक्ष्य गुप्ता, राजदीप, पारस, श्याम चचौंदिया, पार्थ पांडे सहित शिवानी, काजल, पारुल, दीक्षा, महक सोनी, उर्मिला सोनी, प्रीति राजपूत, रूबी पाल, प्रिंसी, प्राची, प्रिया, रानी, दिव्या, रीना एवं पूनम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


