युवती की हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद, आरोपी घायल होकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया
झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर में 19 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने घटना के महज पांच घंटे के भीतर नामजद आरोपी कमल रैकवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मृतका के पिता सोनू रैकवार ने शाम को सूचना दी थी कि उनकी बेटी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई थीं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नामजद आरोपी झांसी एम्पायर के पास घटना से संबंधित वाहन की तलाश में खड़ा है। सीपरी बाजार पुलिस ने घेराबंदी की तो मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का मृतका से प्रेम प्रसंग था। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


