*दो सप्ताह में 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने का विधायक ने दिया आश्वासन, धरना समाप्त*
समथर (झांसी)। लोहागढ़ स्थित विद्युत पावर हाउस से क्षेत्र के गांवों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति न होने से नाराज किसानों ने मंगलवार को पावर हाउस परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर आक्रोश जताते हुए कहा कि नियमित विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने से खेतों में खड़ी धान की फसल सिंचाई के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई है।
किसानों का कहना था कि विद्युत आपूर्ति की समस्या को लेकर वह लगातार विभागीय अधिकारियों को अवगत करा रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से लोहागढ़ पावर हाउस पर लगे विद्युत उपकरणों के ओवरलोड होने की बात कही जाती रही है। उनका सवाल था कि यदि पावर हाउस की मशीनें ओवरलोड हैं तो नए विद्युत कनेक्शन क्यों दिए जा रहे हैं।
किसानों ने कहा कि विद्युत विभाग को पावर हाउस की क्षमता और उपलब्ध संसाधनों की पूरी जानकारी रहती है। विभाग को विद्युत चोरी रोकने के साथ ही वैध कनेक्शनधारकों को निर्धारित एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
धरना स्थल पर लोहागढ़, करही उजियारपुरा, धींगपुरा, इमलिया स्टेट, बैदोरा, खूजा, सेरसा, साकिन, बुढेरी, बुडेरा घाट, अटा, ऊंटा, दिबियापुर, साजौनी, छैवटा सहित आसपास के गांवों के किसान सुबह से अधिकारियों के पहुंचने का इंतजार करते रहे।
किसानों के धरने की जानकारी मिलने पर गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत मौके पर पहुंचे। उनके साथ विद्युत विभाग के एसडीओ सौरभ राय एवं अवर अभियंता अवधेश कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों को विद्युत आपूर्ति से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी देकर समस्या समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अधिकारियों की बात से संतुष्ट नहीं हुए।
इसके बाद एसडीओ सौरभ राय ने स्वयं पावर हाउस पहुंचकर फीडरों का संचालन कर विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान दो-दो फीडरों को एक साथ चलाने की संभावना पर भी चर्चा की गई। किसानों ने मांग की कि धान की फसल को बचाने के लिए पर्याप्त और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि समय से सिंचाई हो सके।
दो सप्ताह में लगेगा 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर
गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने किसानों को आश्वासन दिया कि वह प्रयास कर लगभग दो सप्ताह में लोहागढ़ विद्युत पावर हाउस पर 5 एमवीए क्षमता का बड़ा विद्युत ट्रांसफार्मर रखवाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पावर हाउस पर ओवरलोड की समस्या का स्थायी समाधान करने में मदद मिलेगी और किसानों को विद्युत आपूर्ति में राहत मिलेगी।
विधायक के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।


