
झांसी मऊरानीपुर
मऊरानीपुर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे आयोजित छात्र संसद शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और वंदना गीत के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य अवध किशोर गुप्त ने मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता बैजनाथ तिवारी एवं व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष अखिलेश सेठ का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
समारोह में कक्षा 6 से 12 तक के लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए छात्र प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई गई। सबसे पहले छात्र संसद के प्रधानमंत्री हर्ष सोनकिया और कन्या भारती की अध्यक्षा मोहनी ने शपथ ली। इसके बाद न्यायाधीश, सेनापति, विभिन्न मंत्रियों और अन्य संसद सदस्यों ने अपने-अपने पदों की शपथ ग्रहण की।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि छात्र संसद का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित करना है। कार्यक्रम में सभी छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।


