टहरौली (झांसी)। तहसील टहरौली क्षेत्र अंतर्गत थाना गुरसरांय के आड़ी सड़क चौराहे के समीप शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।
राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना थाना गुरसरांय प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर सिंह को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसका रंग सांवला है। वह आसमानी रंग का कुर्ता एवं सफेद रंग का पायजामा पहने हुए था। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक बटुआ बरामद हुआ है। बरामद सामान के आधार पर पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना गुरसरांय पुलिस से संपर्क करें। टहरौली से हरेन्द्र आर्य की रिपोर्ट


