झांसी मऊरानीपुर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झांसी की ओर से रानीपुर आ रही मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार नरेश पुत्र परम निवासी झंडापुर तथा वीरेंद्र पुत्र घनश्याम कुशवाहा निवासी रानीपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी रानीपुर कुलदीप पवार पुलिस बल एवं एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंगरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं वीरेंद्र की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीछा कर ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


