समथर (झांसी)। नगर के पण्डोखर रोड स्थित ईदगाह पर ईद-उल-अजहा का पर्व श्रद्धा, उत्साह और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही ईदगाह पर नमाजियों का पहुंचना शुरू हो गया था। छोटे-छोटे बच्चे, युवा और बुजुर्ग नए परिधानों में सजकर ईदगाह पहुंचे और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
सुबह करीब 7 बजे से नमाजियों के आने का सिलसिला शुरू हुआ और निर्धारित समय 7:40 बजे ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। सदर मौलाना इकबाल ने नमाज अदा कराई और अपने संबोधन में आपसी भाईचारे, प्रेम, त्याग और मानवता का संदेश दिया। नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगीं।
ईदगाह परिसर में त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कस्बा इंचार्ज उपनिरीक्षक गंभीर सिंह पुलिस बल के साथ नगर में लगातार भ्रमण करते रहे। वहीं ईदगाह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए नायब तहसीलदार मोंठ मानवेंद्र सिंह,थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत, एलआईयू से विमल कुमार सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रशासन द्वारा ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील भी की।
ईद-उल-अजहा के अवसर पर समथर नगर में धार्मिक आस्था, भाईचारे और सौहार्द का सुंदर उदाहरण देखने को मिला, जहां लोगों ने मिल-जुलकर त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मनाया।


