*रिपोर्ट मानवेंद्र सिंह ध्रुव गुर्जर*
समथर (झांसी)। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में ज्येष्ठ माह की अमावस्या के पावन अवसर पर न्याय के देवता शनि देव महाराज की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर के मोहल्ला हरिपुरी वार्ड नंबर 25 स्थित श्री शनिदेव मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुए।
मंदिर के पुजारी अयोध्या प्रसाद जोशी द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शुक्रवार को वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन-अर्चन कर अखण्ड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया। शनिवार प्रातः काल पाठ के समापन के पश्चात मंदिर परिसर में विधिवत हवन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुति दी और शनि देव से सुख-समृद्धि की कामना की।
सायंकाल मंदिर प्रांगण में विशाल कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
कार्यक्रम में अरविंद जोशी एवं पुष्पेंद्र कुमार जोशी सहित कई गणमान्य नागरिक एवं भक्तजन उपस्थित रहे।
इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आस्था और एकता का संदेश दिया तथा लोगों में धार्मिक उत्साह का संचार किया।


