समथर (झांसी): देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डीजल और पेट्रोल की बचत के लिए की गई अपील का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। समथर नगर में भी इस पहल को जनप्रतिनिधि अपनाते नजर आ रहे हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह कंसाना ने इस दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए अपने दैनिक कार्यों के लिए साइकिल का उपयोग शुरू कर दिया है। शुक्रवार को वह अपने घर से साइकिल पर सवार होकर नगरपालिका कार्यालय पहुंचे। उनकी यह पहल नगरवासियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
नगरपालिका अध्यक्ष कंसाना ने बताया कि पहले वह नगर की सफाई व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए दोपहिया वाहन का उपयोग करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री की अपील से प्रेरित होकर अब उन्होंने साइकिल चलाना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह सुबह-शाम साइकिल से ही नगर भ्रमण कर जन समस्याओं की जानकारी लेने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही, वह अपने खेत तक भी साइकिल से ही जा रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि साइकिल चलाने से जहां एक ओर शरीर को ऊर्जा मिलती है और स्वास्थ्य बेहतर रहता है, वहीं दूसरी ओर ईंधन की बचत कर देश की आर्थिक मजबूती में भी योगदान दिया जा सकता है। इसी उद्देश्य से वह नगरवासियों को भी इस मुहिम से जोड़ने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
कंसाना ने बताया कि उनकी इस पहल से प्रेरित होकर उनके कई सहयोगियों ने भी साइकिल का उपयोग शुरू कर दिया है। वह लोगों को साइकिल चलाने के फायदे और इसके सामाजिक व राष्ट्रीय महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक कर रहे हैं, जिससे इस अभियान को जनसमर्थन मिल रहा है।
नगर में यह पहल पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सुधार और ईंधन बचत की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखी जा रही है। स्थानीय लोग भी इस प्रयास की सराहना कर रहे हैं और इसे एक प्रेरणादायक उदाहरण मान रहे हैं।


