
चिरगांव(झांसी)-जनपद के ग्राम बरल में हनुमान हरी आश्रम पर आयोजित 7 दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के बीच किया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में धार्मिक माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कलश यात्रा की शुरुआत हनुमान हरी आश्रम से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश रखकर मंगल गीत गाते हुए शामिल हुईं। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर एवं स्वागत द्वार बनाकर यात्रा का भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस पावन अवसर पर कथा वाचक सुखदेवी जी ने राम कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीराम कथा मानव जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। कथा के मुख्य यजमान (कथा परीक्षित) कुलदीप राजपूत ने सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक संख्या में कथा श्रवण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में केशव राजपूत प्रधान, मोदी बाबूजी, नारायणन पंडा, संजय राजपूत हमीर, हल्के, जसवंत, मूनलाइट, राधे सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।सभी ने मिलकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।आगामी सात दिनों तक चलने वाली इस राम कथा में प्रतिदिन भक्ति,ज्ञान और संस्कारों की गंगा बहेगी,जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा।


