मोंठ (झांसी)। सोमवार को गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने मोंठ स्थित गल्ला मंडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडी में वारदाने (बोरी) की कमी को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि मंडी में गेहूं की खरीद तीन केंद्रों पर सुचारु रूप से चल रही है, लेकिन वारदाने की कमी के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर विधायक ने मौके से ही पीसीएफ (प्रांतीय सहकारी संघ) के अधिकारियों को फोन कर जमकर फटकार लगाई।
विधायक ने कहा कि शासन स्तर पर वारदाने की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद मंडी में पर्याप्त वारदाना उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जो अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि तत्काल मंडी में पर्याप्त मात्रा में वारदाना उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी बताया कि मोंठ गल्ला मंडी में जल्द ही वारदाने की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है और व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
इस दौरान क्षेत्रीय विपणन अधिकारी चंद्रपाल राजपूत, एफसीआई केंद्र प्रभारी आकाश खरे, पीसीएफ केंद्र प्रभारी, महेंद्र राजपूत पुजारी, साकेत राजपूत, मुकेश राजपूत बघौनिया एवं पार्षद सौरभ गिरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


