
जिला कारागार झाँसी में बड़ा निरीक्षण—फ्री वकील, इलाज और साफ-सफाई पर दिए गए अहम आदेश
बंदियों की सुनवाई सीधे न्यायाधीश ने की, जमानत और इलाज को लेकर जेल प्रशासन को सख्त निर्देश
झाँसी! राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला कारागार झाँसी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती कमलेश कच्छल ने जेल का दौरा कर बंदियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक बैरक में जाकर बंदियों से बातचीत की और उनके मामलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। जिन बंदियों के पास अधिवक्ता नहीं थे, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क वकील उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
कुछ बंदियों द्वारा जमानत, पेशी की तारीख और अधिवक्ता से संबंधित समस्याएं सामने आईं, जिस पर न्यायाधीश ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। साथ ही बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण, साफ-सफाई और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया, जहां भर्ती बंदियों से बातचीत कर दवा और इलाज की स्थिति की जानकारी ली गई। इस दौरान जेल प्रशासन को साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, जेल अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


