Explore

Search

September 6, 2026 1:01 am

best news portal development company in india

हाईवे पर मून इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की बस की डंपर से टक्कर, 11 बच्चे घायल

 

पूंछ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे ग्राम खिल्ली के पास नेशनल हाईवे पर एक बड़ा हादसा हो गया। मून इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की तेज़ रफ्तार स्कूल बस आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार स्कूली बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

 

हादसे के बाद बच्चों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र न ले जाकर स्कूल लाया गया, जिसकी जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर मोंठ एसडीएम अवनीश तिवारी और मोंठ कोतवाल राजेश पाल सिंह पहुंचे। अधिकारियों के निर्देश पर घायल बच्चों को तत्काल मोंठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

 

सीएचसी में कुल 11 घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया। दुर्घटना में घायल होने वाले बच्चों में मोहम्मद आरिफ पुत्र अजहर खान, हृदेश कुमार पुत्र घनश्याम निवासी एरच, कृष्णा सिंह पुत्र अर्जुन सिंह निवासी एरच, लकी सेन पुत्र राहुल सेन निवासी सेसा, आर्यन चौधरी पुत्र राजकुमार, धर्मेंद्र पुत्र लाखन सिंह, यश पुत्र लक्ष्मीकांत, दिव्यांश पुत्र उमेश साहू, कृष साहू पुत्र राजकुमार, सुमित यादव पुत्र प्रमोद यादव तथा जय हिंद यादव पुत्र अवधेश शामिल हैं।

 

सीएचसी में तैनात चिकित्सक शशिकांत राजपूत ने बताया कि दुर्घटना में कुल 11 बच्चे घायल हुए थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। सभी बच्चों की हालत सामान्य है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

 

विद्यालय के प्रधानाध्यापक शादाब बेग ने भी बच्चों के सुरक्षित होने की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है।

 

एसडीएम अवनीश तिवारी ने बताया कि खिल्ली गांव के पास नेशनल हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे से आ रही मून इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की बस उससे टकरा गई। बच्चों को मोंठ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां सभी घायलों का उपचार किया गया। साथ ही आरटीओ को क्षेत्र में स्कूल बसों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं अभिभावकों में भी चिंता देखी गई। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बच्चों को समय पर उपचार मिल सका।

Nitya Express
Author: Nitya Express

Advertisement
best news portal development company in india
लाइव क्रिकेट स्कोर
best news portal development company in india