एरच बांध का पुनः निर्माण शुरू कराने,मोंठ में बस स्टैंड निर्माण और समथर राजकीय महाविद्यालय में कृषि विषय की मान्यता की मांग
सार्थक नायक
गुरसरांय(झांसी)- गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास कार्यों के संदर्भ में चर्चा की।इस दौरान ‘बुंदेलखंड कुरैठा महोत्सव’ का आमंत्रण पत्र भी दिया मुख्यमंत्री से मोंठ में मुलायम सिंह संस्थान को शिक्षण संस्थान के लिए दी गई सरकारी जमीन पर बस स्टैंड का निर्माण कराए जाने,एरच बांध परियोजना का निर्माण शुरू कराने एवं समथर में राजकीय महाविद्यालय में कृषि विषय की मान्यता दिए जाने का अनुरोध किया,मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है। गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान मोंठ क्षेत्र में बस स्टैंड न होने के कारण यात्रियों को होने वाली परेशानियों की जानकारी दी।विधायक ने बताया कि मोंठ तहसील की भूमि संख्या 508 जो मुलायम सिंह संस्थान को शिक्षण संस्थान बनाने के लिए आरक्षित की गई थी,वहां पर कोई भी निर्माण नहीं कराया गया है,उस खाली पड़ी जमीन पर बस स्टैंड का निर्माण कराए जाने की मांग की।इसके साथ ही विधायक जवाहर राजपूत ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के संदर्भ में चर्चा हुई ‘बुंदेलखंड कुरैठा महोत्सव’ आने के अनुरोध के साथ आमंत्रण पत्र दिया। मुख्यमंत्री से एरच बांध परियोजना का निर्माण पुनः शुरू कराने की भी मांग की।विधायक ने बताया कि एरच परियोजना में सरकार का करोड़ों रुपये खर्च हो चुका है,सपा सरकार के दौरान बांध निर्माण में की गई अनियमितताओं के बाद जांच के चलते निर्माण कार्य रोक दिया गया। यहां किसानों की मांग को देखते हुए बांध का निर्माण कार्य पुनः शुरू करा दिया जाए तो सिंचाई के लिए तो लाभ होगा ही साथ ही डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण भी यहीं हो रहा है।गरौठा-गुरसरांय पेयजल योजना के लिए आपूर्ति भी हर घर जल योजना के जरिये इसी बांध के पानी से होनी है।चार-पांच इंटेकवाल भी यहीं बने हैं और इसे देखते हुए बांध का निर्माण जल्दी शुरू कराया जाए,इसके साथ ही समथर में राजकीय महाविद्यालय में कृषि विषय की मान्यता दिए जाने के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा की। विधायक जवाहर राजपूत ने कहा कि समथर क्षेत्र के महाविद्यालय में कृषि विषय की मान्यता नहीं है,जिस कारण यहां के छात्र छात्राओं को बहुत दूर शिक्षा ग्रहण करने जाना पड़ता है। विधायक ने समथर राजकीय महाविद्यालय में कृषि विषय की मान्यता दिए जाने की मांग की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वासन दिया है।इस दौरान डॉ. जगदीश सिंह चौहान पूर्व जिलाध्यक्ष,केशव सिंह परिहार ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर कुरैठा महोत्सव में आने का अनुरोध किया।


