Explore

Search

September 6, 2026 1:54 am

best news portal development company in india

आखिर कब बनेगा गुरसरांय में बस स्टैंड,परेशान होते है यात्री

 

 

गुरसरांय(झांसी) नगर में लगभग 60 हजार की आबादी के बाद भी स्थाई बस स्टैण्ड आज तक नहीं बन पाया है। जिससे यात्रियों को परेशानी होती है और उन्हें सड़क किनारे बसों का इंतज़ार करना पड़ता है।जिम्मेदार लोगों की उदासीनता के चलते आज भी लोगों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि स्थायी बस स्टैंड न होने से नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास में रुकावट आ रही है और रोज़गार के अवसर भी कम हैं। वहीं दूसरी ओर नगर में स्थाई बस स्टैण्ड के साथ ही नगर के विभिन्न चौराहों पर यात्रियों को बैठने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। जिसके चलते लोगों को सड़क किनारे घंटों इंतजार करना पड़ता है।केंद्र व प्रदेश में सरकार के साथ ही विधायक और चेयरमैन भी सत्ता पक्ष के फिर भी कोई कदम नही उठाया।नगर के मोदी चौराहा,कालेज चौराहा,रेंज चौराहा एवं गरौठा चौराहा पर यात्री सड़कों पर बसों के इंतजार में सुबह से शाम तक खड़े एवं भटकते नजर आते हैं।जबकि गुरसरांय एवं बामौर ब्लॉक के दर्जनों गांवों के सैकड़ों लोगों को गंतव्य स्थान जैसे झांसी,उरई,कानपुर,लखनऊ,प्रयागराज,चित्रकूट,ग्वालियर,छतरपुर,टीकमगढ़ आदि स्थानों तक जाने के लिए गुरसरांय आना पड़ता है। गुरसरांय ही एक ऐसा केन्द्र बिन्दु हैं जहां से मध्यप्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के दूर-दराज शहरों के लिए एक रास्ता बनता है। लेकिन परिस्थिति यह है कि केन्द्र व प्रदेश में भाजपा सरकार के साथ ही विधायक एवं चैयरमैन सत्ता पक्ष के होने के बाद भी नगर व क्षेत्र के लोग विगत कई वर्षों से स्थाई बस स्टैण्ड की मांग करते चले आ रहे हैं। लेकिन आज तक इस गम्भीर समस्या के लिए ठोस कदम जनप्रतिनिधियों द्वारा नहीं उठाया गया। केवल जनता को मुंगेरी लाल के हसीन सपनों के अलावा कुछ नहीं मिला। काफी लंबा समय बीत जाने के बाद भी धरातल पर साकार परिणाम आम जनता के सामने नजर नहीं आ रहे है।लोगों ने जनप्रतिनिधियों से इस समस्या को गंभीरता से लेने और जल्द से जल्द बस स्टैंड बनवाने की अपील की है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके और क्षेत्र का विकास हो सके।

क्या कहते हैं नगर व ग्रामीण क्षेत्र के लोग….

सुप्रिया पस्तोर का कहना है कि नगर में बस स्टैंड की परम आवश्यकता है,इससे आगमन सुलभ होगा।यात्रीगणों को आसानी से गंतव्य के लिए निर्धारित एक स्थान पर बसें उपलब्ध रहेगी।रोजगार के नव अवसर सृजित होंगे,बस स्टैंड और पार्क गुरसरांय की एक बड़ीं आवश्यकता है।

रोशनी पटेल का कहना है कि नगर गुरसरांय में स्थाई बस स्टैण्ड न होने से ग्रामीण क्षेत्र के अलावा नये व्यक्तियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्योंकि उन्हे बसों को लेकर घंटों इंतजार करना पड़ता है।


सुखदेव सिंह दीपू अस्ता का कहना है कि मध्यप्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों के जाने के लिये गुरसरांय एवं बामौर ब्लॉक सहित गरौठा तहसील के लोगों को गुरसरांय ही आना पड़ता है। बस स्टैंड बन जाने से काफी सहूलियत हो जाएगी।


अख्तर राईन का कहना है कि नगर की मूलभूत समस्याओं में एक यह भी बड़ी समस्या है। लेकिन इसे अमली जामा पहनाकर नगर व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के निस्तारण में महती भूमिका किसी ने नहीं निभाई।


सुरेश सोनी का कहना है कि नगर में हर चौराहों पर यात्रियों के बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है,जिससे कि वह वहां बैठकर बसों का इंतजार कर सके। उन्हे सड़क किनारे खड़े होकर ही समय गुजारना पड़ता है।


जानकीशरण एडवोकेट का कहना है कि नगर में स्थाई बस स्टैण्ड बन जाने से बसों का एक समय निश्चित हो जाएगा एवं नगर व क्षेत्र का सर्वांगीण विकास के साथ ही रोजगार के साधन बढ़ेगे और कई परिवार के लोगों को रोजगार मिलेगा।

Nitya Express
Author: Nitya Express

Advertisement
best news portal development company in india
लाइव क्रिकेट स्कोर
best news portal development company in india