सुखनई नदी हादसा / अवैध खनन का आरोप
विकास खंड बंगरा क्षेत्र के देवरी सिंहपुरा में सुखनई नदी में डूबने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के बाद प्रशासन सक्रिय है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान के बाद मंडलायुक्त झांसी विमल दुबे ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और परिजनों को 5 -5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं, गांव के एक व्यक्ति ने सुखनई नदी में रात के समय बड़ी मशीनों से अवैध खनन किए जाने का आरोप लगाया है और प्रशासन से खनन पर रोक लगाने की मांग की है।
झांसी के मऊरानीपुर क्षेत्र के देवरी सिंहपुरा में सुखनई नदी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद गुरुवार को मंडलायुक्त झांसी विमल दुबे पीड़ित परिवार के घर पहुंचे।
मंडलायुक्त ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और शोक संवेदना व्यक्त की। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
इस दौरान प्रशासन की ओर से पीड़ित परिजनों को 5 -5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मंडलायुक्त ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि शासन और प्रशासन इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मंडलायुक्त ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
वहीं, गांव के एक व्यक्ति ने सुखनई नदी में अवैध खनन किए जाने का आरोप लगाया। ग्रामीण का कहना है कि रात के समय बड़ी-बड़ी मशीनों के जरिए नदी में खनन किया जाता है। ग्रामीण ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है।
अवैध खनन के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है ,,,बंगरा से संवाददाता चंदन सिंह कुशवाहा की रिपोर्ट


