बंगरा। विकासखंड बंगरा क्षेत्र से गुरुवार को करीब 100 कांवरियों का जत्था धार्मिक यात्रा पर ओरछा धाम के लिए रवाना हुआ था। कांवरियों ने ओरछा पहुंचकर विधि-विधान से पवित्र जल भरा और इसके बाद भगवान सिद्धेश्वर के जलाभिषेक के लिए बंगरा की ओर प्रस्थान किया। शुक्रवार को देर रात कांवरियों का जत्था पवित्र जल लेकर बंगरा पहुंचा।
बंगरा पहुंचने पर कांवरियों में काफी उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। कांवरियों के जत्थे में युवा, बुजुर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति का भाव देखने को मिला।
देर रात बंगरा पहुंचने के बाद कांवरियों के ठहरने की व्यवस्था गायत्री मंदिर परिसर में की गई है। यहां रात्रि विश्राम करने के बाद शनिवार सुबह सभी कांवरिए प्रातःकाल स्नान आदि से निवृत्त होकर बंगरा पहाड़ी पर स्थित सिद्धेश्वर भगवान के मंदिर पहुंचेंगे। यहां ओरछा धाम से लाए गए पवित्र जल से भगवान सिद्धेश्वर का विधि-विधान और श्रद्धा के साथ जलाभिषेक किया जाएगा।
कांवरियों की इस धार्मिक यात्रा को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भी उत्साह बना हुआ है। शनिवार सुबह सिद्धेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भगवान शिव के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय होने की उम्मीद है।
कांवरियों का कहना है कि भगवान सिद्धेश्वर की कृपा और आशीर्वाद के लिए वे प्रतिवर्ष श्रद्धा के साथ पवित्र जल लेकर जलाभिषेक करते हैं। धार्मिक यात्रा के दौरान सभी कांवरियों ने आपसी भाईचारे और अनुशासन के साथ यात्रा पूरी की। शनिवार को जलाभिषेक के साथ कांवरियों की यह धार्मिक यात्रा श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न होगी।,,,,बंगरा से संवाददाता से चंदन सिंह कुशवाहा की रिपोर्ट


