बंगरा (झांसी), 4 अगस्त। ग्राम पंचायत निमोनी में उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग द्वारा किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभाग के डिप्टी मैनेजर मोहम्मद वकील ने किसानों को मत्स्य पालन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए अधिक से अधिक किसानों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
डिप्टी मैनेजर मोहम्मद वकील ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य मत्स्य पालन को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास छोटे-छोटे तालाब हैं, वे संयुक्त क्लस्टर (क्लस्टर आधारित योजना) में शामिल होकर विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें तकनीकी सहायता के साथ-साथ सरकार द्वारा निर्धारित वित्तीय सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि बंगरा ब्लॉक के लिए 10 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिन किसानों के पास निजी तालाब उपलब्ध हैं, वे मत्स्य विभाग से संपर्क कर योजना में आवेदन कर सकते हैं। विभाग द्वारा पात्र किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने मत्स्य पालन से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विभागीय अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। साथ ही किसानों को आधुनिक मत्स्य पालन तकनीक अपनाकर बेहतर उत्पादन और अधिक आय अर्जित करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर डिप्टी मैनेजर मोहम्मद वकील, अकाउंटेंट सोहेल, किसान गजेंद्र राज मऊ, बृजलाल बकील, घासीराम कुशवाहा, सौरभ रैकवार, जितेंद्र कुशवाहा, रवि रैकवार, सुरेंद्र रैकवार, दशरथ प्रसाद एवं रविंद बिजरोनिया सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे


