
बंगरा (झांसी), 28 जुलाई 2026। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना उल्दन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों के पुजारियों, संभ्रांत नागरिकों एवं गणमान्य लोगों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में थाना प्रभारी ने सभी उपस्थित लोगों से श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी से आपसी भाईचारे, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखते हुए पर्व को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करने का अनुरोध किया गया।
थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को प्रमुख शिव मंदिरों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। साथ ही, किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।
बैठक में उपस्थित सभी पुजारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया।,,,बंगरा से संवाददाता चंदन सिंह कुशवाहा की रिपोर्ट


