चिरगाँव (झाँसी)-विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, झाँसी-ग्रामीण द्वारा सेवा सप्ताह के पावन अवसर पर समाज सेवा एवं जनकल्याण के संकल्प को साकार करते हुए कमला मार्केट, चिरगाँव के सभाकक्ष में निःशुल्क विशाल स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना तथा सेवा को संगठन का सर्वोच्च धर्म मानते हुए जनमानस तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना था।
कार्यक्रम का शुभारम्भ तुलसी आश्रम के पीठाधीश्वर परम पूज्य श्री श्री 108 महंत श्री विश्वभूषणदास जी महाराज द्वारा भगवान श्रीराम दरबार के छाया विग्रह का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात चिकित्सकों ने रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण प्रारम्भ कर परामर्श, उपचार तथा निःशुल्क औषधि वितरण की व्यवस्था संभाली।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बबीना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री राजीव सिंह पारीछा पधारे। उनका स्वागत विश्व हिन्दू परिषद, झाँसी-ग्रामीण के जिला मंत्री श्री अनिरुद्ध तिवारी ने बैज अलंकरण कर किया, जबकि जिलाध्यक्ष श्री मधुसूदन शिवहरे ने उन्हें शाल ओढ़ाकर तथा भगवान श्रीराम दरबार का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
उद्घाटन सत्र में विधायक श्री राजीव सिंह पारीछा एवं जिलाध्यक्ष श्री मधुसूदन शिवहरे ने संयुक्त रूप से भगवान श्रीराम एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारम्भ किया।
अपने उद्बोधन में विधायक श्री राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रनिष्ठ एवं सेवा-समर्पित विचारधारा को आत्मसात करते हुए समाजहित के विविध आयामों पर निरंतर कार्य कर रही है। निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, वृक्षारोपण, निर्धन बस्तियों में जनजागरण, धर्म एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता जैसे कार्यक्रम संगठन की सेवा भावना के जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद केवल मठ-मंदिरों और संतों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने के लिए सदैव तत्पर रहती है।
जिलाध्यक्ष श्री मधुसूदन शिवहरे ने अपने संबोधन में कहा कि “पहला सुख निरोगी काया” भारतीय संस्कृति का शाश्वत संदेश है। स्वस्थ शरीर ही जीवन के प्रत्येक लक्ष्य की प्राप्ति का आधार है। अतः प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराना चाहिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी की अनुमति एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, चिरगाँव के चिकित्सा अधीक्षक रवीन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने शिविर में अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। शिविर में नेत्र रोग, दंत रोग, मधुमेह (शुगर), उच्च रक्तचाप, मलेरिया, पेट रोग, श्वास संबंधी रोग, कमर एवं घुटनों का दर्द, सिरदर्द सहित विभिन्न सामान्य एवं मौसमी बीमारियों के परीक्षण हेतु अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए।
चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, स्टाफ नर्सों, लैब तकनीशियनों, नेत्र परीक्षण दल, दंत चिकित्सा दल तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने अत्यंत समर्पण एवं सेवा भावना के साथ अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। शिविर में लगभग 200 रोगियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार सभी को परामर्श एवं निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के संगठन मंत्री श्री अमन जी, जिला संयोजक श्री रोहित कुशवाहा, पूर्व विभाग बलोपासना प्रमुख श्री लवलेश पाठक, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख श्री मोनू दुबे, जिला कोषाध्यक्ष श्री महीस तिवारी, जिला सह मठ-मंदिर प्रमुख, अजय दीवान,रामप्रकाश शिवहरे,अमृतलाल राजपूत, बटृन लाल सोनी नगर कार्यकारी अध्यक्ष, महेंद्र शिवहरे,जिला मातृशक्ति संयोजिका सुश्री सुमन श्रीवास्तव, नगर मातृशक्ति संयोजिका श्रीमती सुमन शिवहरे, चिरगाँव प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष पृथ्वी सिंह दांगी , दिलीप शिवहरे, अनुराग जी (नगर प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), मुनीम महाराज,रवि शर्मा बजरंग दल संयोजक, भवानी गुप्ता, दिनेश पाराशर, मुनीम महाराज, राजनाथ राजपूत, मट्टू वाल्मीकि (पार्षद), द्वारका प्रसाद नामदेव (पार्षद), शैलेन्द्र बादल (पार्षद), रवि नामदेव, सुशील सेठ, सत्यम सिंह, नितिन यादव, दिलीप नायक, महेन्द्र सिंह, श्री लाल अहिरवार, भरत सविता, वीरेन्द्र विश्वरी ‘कक्का’, दिनेश कनकने ‘दिन्नू’ (पार्षद), कैलाश समाधिया, जगदीश शिवहरे, पंकज कुशवाहा, मानवेंद्र सिंह, अंकित शिवहरे सहित अनेक गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य, सेवा और संस्कार का संदेश पहुँच सके।
जय श्रीराम। 🚩


