Explore

Search

September 5, 2026 1:32 pm

best news portal development company in india

निर्जला एकादशी पर समथर में भक्ति और सेवा का संगम, जगह-जगह हुआ शीतल शरबत वितरण

 

*रिपोर्ट मानवेंद्र सिंह गुर्जर ध्रुव जी*

समथर (झांसी)। ज्येष्ठ मास की पावन निर्जला एकादशी के अवसर पर समथर नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक आस्था, पूजा-अर्चना और जनसेवा के विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर व्रत रखा तथा मंदिरों में आयोजित धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए नगर के विभिन्न स्थानों पर राहगीरों और श्रद्धालुओं को शीतल शरबत वितरित कर पुण्य लाभ अर्जित किया गया।

नगर के प्राचीन श्यामदास जी मंदिर में महामंडलेश्वर महंत नरहरीदास महाराज के सानिध्य में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने निर्जला एकादशी व्रत का महत्व बताते हुए कहा कि यह एकादशी सभी एकादशियों में श्रेष्ठ मानी जाती है तथा श्रद्धा और नियमपूर्वक इसका पालन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को एकादशी महात्म्य की कथा सुनाते हुए धर्म, संयम और सेवा का संदेश दिया।

निर्जला एकादशी के अवसर पर नगर के खरखरी बाग स्थित भगवान चतुर्भुज मंदिर, चौपड़ बाजार के श्री अवधनाथ मंदिर, वैद्ययाना मोहल्ला स्थित रामाधार पाण्डेय के मंदिर, नागा मंदिर राधाकृष्ण मंदिर, कटरा बाजार के संकट मोचन हनुमान मंदिर, हरिपुरी स्थित श्री गुप्तेश्वर पंचमुखी हनुमान मंदिर, साहू मंदिर सहित अनेक देवालयों में विशेष पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रद्धालुओं ने दिनभर उपवास रखकर भगवान विष्णु का स्मरण किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्जला एकादशी का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। समथर-सिकंदरा मार्ग पर स्थित ग्राम चिरगांव खुर्द, बांगरी, बड़ोखरी एवं कुइयां के मध्य विराजमान श्री पीपरा सरकार हनुमान मंदिर सहित विभिन्न गांवों के मंदिरों में धार्मिक आयोजन हुए। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और लोगों ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया।

धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सेवा कार्यों की भी सुंदर मिसाल देखने को मिली। नगर के पहाड़पुरा स्टेट नाका पर रविंद्र कुमार गुप्ता बल्लन, सागर नीखरा, गोविन्द उपाध्याय, सोनू कुशवाहा एवं मुलायम पाल द्वारा राहगीरों और श्रद्धालुओं को ठंडा एवं शीतल शरबत वितरित किया गया। गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण किया और आयोजनकर्ताओं की सराहना की।

इसके अतिरिक्त अग्गा बाजार, गणेश मंदिर, सुखदैनी माता मंदिर परिसर, महाराजा राधाचरण सिंह मूर्ति चौराहा, पीपरी बस स्टैंड, चौपड़ बाजार, कटरा बाजार, नागर चौराहा सहित नगर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में भी समाजसेवियों एवं धार्मिक संगठनों द्वारा शीतल पेय एवं शरबत श्रद्धालुओं और राहगीरों को पिलाकर सेवा भावना का परिचय दिया गया।

निर्जला एकादशी के अवसर पर समथर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र पूरी तरह धार्मिक वातावरण में सराबोर दिखाई दिए। मंदिरों में गूंजते भजन, श्रद्धालुओं की आस्था और जनसेवा के कार्यों ने पर्व को और अधिक श्रद्धामय एवं यादगार बना दिया।

Nitya Express
Author: Nitya Express

Advertisement
best news portal development company in india
लाइव क्रिकेट स्कोर
best news portal development company in india