झांसी। झांसी-खजुराहो फोरलेन हाईवे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट की बोरियों से लदा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर स्कूल की दीवार तोड़ते हुए पलट गया। हादसे में कंटेनर का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर तेज रफ्तार में झांसी की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन थाना सकरार क्षेत्र के पटेल नगर के पास पहुंचा, चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक स्कूल की दीवार से जा टकराया और दीवार तोड़ते हुए पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर में भरी सीमेंट की बोरियां हाईवे पर बिखर गईं। वहीं क्लीनर बोरियों के नीचे दब गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर क्लीनर को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंगरा भेजा, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।,,,बंगरा से संवाददाता चंदन सिंह कुशवाहा की रिपोर्ट


