Explore

Search

September 5, 2026 2:13 pm

best news portal development company in india

विश्व पर्यावरण दिवस पर समथर में चला वृक्षारोपण अभियान, “एक पेड़ मां के नाम” थीम के तहत लगाए गए पौधे

 

*रिपोर्ट मानवेंद्र सिंह गुर्जर ध्रुव जी*

 

समथर (झांसी)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों, विभागों और सामाजिक संगठनों द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। “एक पेड़ मां के नाम” थीम के अंतर्गत लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। नगर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

नगर पालिका द्वारा गांधी पार्क में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह कंसाना के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं, वन विभाग के अधिकारियों एवं नगर पालिका कर्मचारियों ने पौधे लगाए।

 

इसी क्रम में समथर स्थित पहाड़पुरा साधन सहकारी समिति बी पैक्स परिसर में समिति अध्यक्ष भरत राजपूत “वरनाया” के नेतृत्व में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षों की उपयोगिता पर चर्चा करते हुए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

 

थाना परिसर में थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत ने पुलिस कर्मियों के साथ पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जनआंदोलन बनाकर निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

 

वहीं जिया टैलेंट डे बोर्डिंग स्कूल में प्रबंधक मंजर खानबहादुर के नेतृत्व में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पौधरोपण किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

मोंठ-समथर मार्ग नहर के पास स्थित भैरव पेट्रोल पंप परिसर में पार्षद प्रतिनिधि मनोज कुमार गुप्ता ने पौधे लगाकर लोगों को हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण करना चाहिए।

 

विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर और ग्रामीण क्षेत्र में हुए इन कार्यक्रमों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता और सहभागिता को प्रदर्शित किया। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से लोगों ने अपनी माताओं के सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया।

Nitya Express
Author: Nitya Express

Advertisement
best news portal development company in india
लाइव क्रिकेट स्कोर
best news portal development company in india