समथर (झांसी)। नगर के जीआईसी रोड स्थित खरखरी बाग में प्रधानाचार्य आवास के समीप स्थित प्राचीन चतुर्भुज मंदिर में नगर के धर्मप्रेमियों द्वारा रामधुन का अखंड पाठ कराया गया। उक्त धार्मिक कार्यक्रम रामधुन के समापन के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सामूहिक हवन-पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री चतुर्भुज जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाप्रसाद अर्पित किया। इसके बाद मंदिर परिसर में भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
शाम के समय मंदिर प्रांगण में कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें नगर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। देर रात्रि तक चले धार्मिक कार्यक्रमों में स्थानीय भजन कलाकारों ने भगवान के सुंदर एवं मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की स्वर लहरियों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा और उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर भक्ति रस में डूबे नजर आये। मातृशक्ति द्वारा भी रामधुन बोलने एवं भजन कीर्तन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।


