आज ज्ञापन व कठोर विरोध की रणनीति तय
गुरसरांय(झांसी) 28 जनवरी बुधवार को नगर के राधा कृष्ण मंदिर परिसर में देशव्यापी यूजीसी बिल के विरोध में स्वर्ण समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में तहसील गरौठा क्षेत्र के समस्त स्वर्ण समाज संगठनों ने सहभागिता की।बैठक के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने एक स्वर में यूजीसी बिल को “काला कानून” बताते हुए कहा कि यह कानून समाज को बाँटने का कार्य कर रहा है,जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। सभी स्वर्ण समाज संगठनों ने एकजुट होकर इस बिल का विरोध करने का आवाहन किया।इसी क्रम में यह निर्णय लिया गया कि गुरुवार दोपहर 1 बजे गुरसरांय नगर के तालाब माता मंदिर परिसर में एक और बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक का उद्देश्य सभी स्वर्ण समाज संगठनों को एक मंच पर लाना तथा 31 जनवरी को यूजीसी बिल के विरोध में ज्ञापन सौंपने और कठोर आंदोलन की रणनीति तैयार करना है।बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि स्वर्ण समाज अब इस मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई लड़ने की तैयारी कर चुका है और समाज के अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।इस मौके पर सभी स्वर्ण समाज के लोग उपस्थित रहे।


