
मोंठ (झांसी)।सोमवार प्रातः राष्ट्रीय राजमार्ग झांसी–कानपुर पर थाना पूंछ क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां बच्चों को लेकर स्कूल जा रही एक स्कूली बस आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार 33 विद्यार्थियों में से 11 से अधिक बच्चे घायल हो गए। सौभाग्यवश सभी बच्चों को मामूली चोटें आईं, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मून इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल मोठ की बस (संख्या UP 93 T 6149) पूंछ क्षेत्र से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। ग्राम खिल्ली के पास हाईवे कट पर आगे चल रहे एक डंपर द्वारा अचानक इमरजेंसी ब्रेक लेने पर बस पीछे से उसमें जा टकराई। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। घटना को देखकर आसपास के ग्रामीण एवं राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोठ भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी मोंठ अवनीश तिवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल बच्चों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए तथा परिजनों को आश्वस्त किया।पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर आवश्यक दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। वहीं आरटीओ झांसी द्वारा भी थाना पूंछ पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।घायल बच्चों में मोहम्मद आरिफ (14), हिरदेश कुमार (14), कृष्णा सिंह (14), लकी सेन (16), आर्यन चौधरी (14), धर्मेंद्र (14), यश (12), दिव्यांश (11), कृष साहू (15), सुमित यादव (16), जय हिंद यादव (16) सहित अन्य बच्चे शामिल हैं।
इस घटना ने एक बार फिर स्कूली वाहनों की सुरक्षा, हाईवे पर यातायात नियमों के पालन और भारी वाहनों की सतर्कता पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। हालांकि ईश्वर की कृपा से यह हादसा मामूली चोटों तक सीमित रहा, अन्यथा परिणाम बेहद भयावह हो सकते थे।


