Explore

Search

January 13, 2026 9:15 am

best news portal development company in india

मोंठ क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही हुई मौत

 

मोंठ (झांसी): मोंठ क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली मोंठ क्षेत्र के निवासी आकाश दीप पुत्र लक्ष्मी नारायण साहू किसी काम से मोंठ आए हुए थे और वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जोरा रोड पर पहुंचे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण व राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली मोंठ पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।

बताया जा रहा है कि जोरा रोड पर वाहनों की तेज रफ्तार और रात के समय पर्याप्त रोशनी की कमी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक युवक के असमय निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Nitya Express
Author: Nitya Express

Advertisement
best news portal development company in india
लाइव क्रिकेट स्कोर
best news portal development company in india