गुरसरांय (झांसी)- नगर के मुहल्ला धनाई में शुक्रवार रात एक किशोरी ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, ग्राम बामोर निवासी कशिश पटेल पुत्री दिलीप पटेल शुक्रवार रात लगभग 8:30 बजे गुरसरांय के धनाई मोहल्ले में स्थित अपने किराए के मकान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे फंदे से उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. रजनीश यादव ने परीक्षण के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने किशोरी का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


