गुरसरांय(झाँसी)- श्रद्धालुओं ने नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को मंदिरों व घरों में मां चंद्रघंटा की पूजा अर्चना की।नगर के तालाब माता मन्दिर,बाजार,नई बस्ती,परकोटा,नारायणपुरा,टीचर्स कॉलोनी,गुराई बाजार,कटरा बाजार,मातवाना,मंडी रोड़ सहित अन्य जगहों पर मां की प्रतिमा की पूजा-अर्चना के साथ आरती कर भक्तों ने मां से आशीर्वाद मांगा।वही नवरात्रि के तीसरे दिन क्षेत्र की ऐतिहासिक माँ काली पूजा पंडाल पटकाना में माँ काली की भव्य और अलौकिक प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुहल्ला पटकाना में सजी माँ काली की यह भव्य प्रतिमा और आकर्षक पंडाल क्षेत्र का मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ हैं। सुबह से ही यहाँ दर्शन के लिए दूर-दराज से भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था,जो देर रात तक जारी रहा।पंडाल में पहुँचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ माँ काली के दरबार में हाजिरी लगाई और परिवार की सुख-समृद्धि व कल्याण की कामना की।इस दौरान भक्त भव्य पंडाल व मां काली की प्रतिमा देखने के लिए लंबी कतारबद्ध लगे रहे।जैसे ही आरती प्रारंभ हुई सभी भक्तों ने मां काली के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद मांगा।


