पुलिसकर्मियों को दिलाई गई कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ, विभाग की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने का लिया संकल्प
गरौठा झासी
तहसील गरौठा कि कोतवाली में पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर क्षेत्राधिकारी पीयूष पाण्डेय की अध्यक्षता में एवं कोतवाली प्रभारी रावेन्द्र मिश्रा गरौठा की उपस्थिति में पुलिस विभाग की गरिमा, सम्मान और गौरवशाली परंपराओं को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस ध्वज को सम्मानपूर्वक सलामी देकर नमन किया। इसके उपरांत उन्होंने कोतवाली परिसर में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभाग की मर्यादा बनाए रखने, पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से अपने कर्तव्यों का पालन करने तथा आमजन की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ दिलाई।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी गरौठा ने कहा कि पुलिस झंडा दिवस पुलिस विभाग के गौरवशाली इतिहास, अदम्य साहस, त्याग, बलिदान और कर्तव्यपरायणता की याद दिलाने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। पुलिस ध्वज केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रत्येक पुलिसकर्मी के लिए अनुशासन, निष्ठा और जनसेवा की भावना का प्रेरणास्रोत भी है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी समाज में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना, पीड़ितों को न्याय दिलाने में सहयोग करना और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।
सभी ने पुलिस विभाग की गौरवशाली विरासत, सम्मान और प्रतिष्ठा को बनाए रखने तथा पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जनसेवा करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर गरौठा कोतवाली के सभी पुलिसकर्मी एवं क्षेत्रीय चौकी की पुलिस भी मौजूद रहे


