टहरौली(झांसी)। पंडित रामगोपाल पटेरिया बालिका महाविद्यालय टहरौली में छात्राओं को नये कानून एवं मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना प्रभारी टहरौली मुकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सुशील त्रिपाठी,कांस्टेबल रोहित मोर्या,कांस्टेबल नेत्रपाल सिंह,महिला कांस्टेबल दुर्गेश द्वारा छात्राओं को महिलाओं एवं युवाओं की सुरक्षा,स्वावलंबन और अधिकारों से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई एवं नये आपराधिक कानूनों पर जागरूक किया। नए कानून के तहत लोगों को ए टू जेड पूरी जानकारी प्रदान की गईं। इस दौरान थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने नगर के आम जनमानस के साथ नए आपराधिक कानूनों पर विस्तृत चर्चा की। अभियान में विशेष रूप से जीरो एफआईआर,ई-एफआईआर,महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनों में हुए संशोधन पर प्रकाश डाला गया। छोटे अपराधों के लिए सामुदायिक सेवा को भी दंड के रूप में शामिल करने और पहली बार आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के तहत दंडनीय अपराधों की व्याख्या की गई। संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त कदम उठाने,गैंगरेप जैसे मामलों में सजा को न्यूनतम 20 साल से आजीवन कारावास तक बढ़ाने और कम उम्र की बच्चियों के मामलों में आजीवन कारावास से लेकर मृत्युदंड तक की सजा निर्धारित करने जैसे प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त झूठे वादे या पहचान छुपाकर यौन संबंध बनाने को भी अपराध की श्रेणी में शामिल किया गया है। जिसका उद्देश्य न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है। नए आपराधिक कानूनों की वर्तमान प्रासंगिकता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। यह कानून मूल रूप से ‘दंड से न्याय की ओर’ के सिद्धांत पर आधारित है।वक्ताओं ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और समाज में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, अजनबियों से ऑनलाइन जानकारी साझा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की सलाह दी।सभी ने इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम का संचालन उप प्राचार्य अनूप अवस्थी ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. अंबिका प्रसाद पटेरिया,उप प्रधानाचार्य हरिबाई,व्यवस्थापक प्रियंका समेले,अभिषेक चतुर्वेदी,शैलेंद्र बल्लभ दीक्षित,शिवनारायण अहिरवार,छत्रप्रताप सिंह,कृष्णकांत तिवारी,अन्नू यादव,रामप्रकाश नापित सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


