27 नवंबर को सिकंदरा, 28 को साकिन और 30 नवंबर को जौंरा में होगा आयोजन
मोंठ (झांसी)। शासन के निर्देशों के अनुपालन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न ग्रामों में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मोंठ डॉ. देवेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 नवंबर को ग्राम सिकंदरा (पूंछ), 28 नवंबर को ग्राम साकिन (समथर) तथा 30 नवंबर को ग्राम जौंरा (मोंठ) में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिविरों में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार, बांझपन चिकित्सा, बधियाकरण, टीकाकरण सहित पशुपालन विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही पशुओं के लिए निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया जाएगा।
डॉ. देवेंद्र कुमार ने क्षेत्र के समस्त पशुपालकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने पशुओं के साथ शिविरों में पहुंचकर निःशुल्क पशु चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि पशुओं का समय पर उपचार, टीकाकरण एवं उचित देखभाल पशुधन को स्वस्थ रखने के साथ ही पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी सहायक है।


