गौ पूजन कर प्रधान प्रतिनिधि ने किया पशु मेले का उद्घाटन

गुरसरांय(झांसी)- 27 नवम्बर शुक्रवार को विकासखंड बामौर की ग्राम पंचायत सगौली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया।पशुपालन विभाग द्वारा किए गए शिविर में पशुओं की चिकित्सा,शल्य क्रिया,गर्भ परीक्षण,कृमिनाशक दवापान,कृत्रिम गर्भाधान आदि कार्य संपन्न किए गए।पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का उद्घाटन प्रताप नायक प्रधान प्रतिनिधि सगौली द्वारा गौ पूजन करवाकर किया गया। गौपूजन के इस भावपूर्ण अनुष्ठान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर गौ माता का आशीर्वाद प्राप्त किया और भारतीय संस्कृति व सनातन परंपराओं की श्रेष्ठता का संदेश दिया। मेले में आए किसानों और पशुपालकों को पशुओं की देखरेख,रोग-निवारण एवं उपचार संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। पशु चिकित्सकों की टीम ने पशुओं की जांच कर आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराईं। ग्रामीण समाज में उत्साह और सहभागिता देखने योग्य रही।मेले में पशुओं को बेहतर ढंग से पालने,रोग मुक्त रखना,अधिक दुग्ध उत्पादन संबंधी जानकारी पशु चिकित्साधिकारी डॉ.चंद्रप्रकाश,डॉ.रोहित कुमार,डॉ.शैलेंद्र शर्मा लखावती,भगवानदास,सुधांशु,कुलदीप,हरपाल सिंह,अशोक कुमार,मोहित कुमार द्वारा लगभग 1235 छोटे-बड़े पशुओं की जांच एवं उपचार का कार्य किया गया। इस अवसर पर प्रताप नायक प्रधान प्रतिनिधि ने कहा कि ऐसे आयोजन पशुधन को स्वस्थ,उत्पादन क्षमता और संरक्षित रखने में मददगार होते हैं। उन्होंने कहा कि पशुओं का स्वास्थ्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इससे किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य साकार होगा। इस अवसर पर सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित रहे।


