नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में श्री कृष्ण जन्माष्टमी की रही धूम:पालकी में झूले कन्हैया

संवाददाता सार्थक नायक

 

गुरसरांय (झांसी)- नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर हर तरफ भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की धूम मची रही। नगर में जगह-जगह जन्माष्टमी पर सजी झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान श्रीकृष्ण का जन्म उत्सव मनाया। मंदिरों से घंटी -घडि़यालों की आवाज से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।घंटो के साथ-साथ हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की से पूरा वातावरण गूंज उठा। सभी जगहों पर सजाई गईं आकर्षक झांकियां लोगों का मन मोह रही थीं।थाने के सामने स्थित शिवालय में आकर्षक झांकी सजाई गई। वहीं बाजार के प्राचीन गोविंद जी मंदिर में,गढ़ा मंदिर में लीला पुरुषोत्तम की झांकी सजाई गई। टीचर्स कॉलोनी के संगीत कला कुंज में बाँके बिहारी लाल की आकर्षक झांकी सजाई गई।जिसमें भक्तों ने भजन कीर्तन कर भाव विभोर किया। वही बाँके बिहारी मन्दिर मातवाना,रामजानकी मन्दिर,प्राचीन श्री राधा कृष्ण मन्दिर,तालाब माता मन्दिर सहित अनेक स्थानों पर भी झांकियो के साथ,पालने में बैठे श्रीकृष्ण का स्वरूप,गोपियों की मटकी,गायों का झुंड अद्भुत छटा बिखेर रहा था। जन्माष्टमी का व्रत रखने वाले श्रद्धालु सुबह से ही प्रसाद में पंजीरी तैयार करने में जुटे थे।वहीं बच्चे झांकियां सजाने में मशगूल रहे।नगर के सभी मोहल्लों में नंदलाल के जन्मोत्सव पर आकर्षक झांकियां सजाईं गई थीं। इसके बाद विधि विधान से भगवान श्रीकृष्ण का जन्म उत्सव मनाया गया। घंट-घडि़याल की आवाज के साथ देररात तक श्रीकृष्ण की आरती का सिलसिला चला। ढोल मजीरे के साथ महिलाओं ने सोहर गीत गाकर कन्हैया का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *